'भौ-भौ...': कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी
रेणुका चौधरी संसद परिसर में कुत्ता लेकर पहुँचने और भौ-भौ...' की आवाज निकालने के कारण विवाद

रेणुका चौधरी

रेणुका चौधरी
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। वह उस समय विवादों में घिर गईं, जब वह संसद परिसर में एक कुत्ता लेकर पहुँच गईं। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें प्रवेश द्वार पर रोकने की कोशिश की और उन्हें कुत्ते को संसद के अंदर न ले जाने के लिए कहा। हालांकि, 71 वर्षीय चौधरी ने किसी की बात नहीं सुनी और वह कुत्ते को परिसर के अंदर तक ले गईं। थोड़ी ही देर बाद कुत्ता उनकी कार में बैठकर वापस चला गया, लेकिन संसद परिसर में जानवर की उपस्थिति को प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना जा रहा है, जिसे लेकर सियासत गरमा गई है।
'भौ-भौ' बयान और सत्ता पक्ष की आलोचना
मीडिया ने जब रेणुका चौधरी से इस घटना के बारे में सवाल किए, तो उनका अंदाज जुदा था। वह कुत्ते की आवाज निकालते हुए, यानी 'भौ-भौ...' करती नज़र आईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उनके इस कृत्य की सत्ता पक्ष ने कड़ी आलोचना की है और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। रेणुका चौधरी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं किया है और वह किसी भी सख्त कार्रवाई से नहीं डरती हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण दिया, जो बैलगाड़ी लेकर संसद आए थे, और कहा कि हिंदू धर्म में कुत्तों का काफी महत्व है।
ये भी पढें: संसद में पालतू कुत्ता लेकर पहुंचीं रेणुका चौधरी
रेणुका चौधरी का विवादित बयान
रेणुका चौधरी ने इस मामले को और हवा देते हुए एक विवादित बयान भी दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कानून नहीं है जो कुत्तों को संसद परिसर में आने से रोके। उन्होंने सफाई देते हुए यह भी बताया कि संसद आते समय रास्ते में उन्हें एक दुर्घटनास्थल पर एक कुत्ता मिला था, जिसे उन्होंने अपनी कार में बैठा लिया था और संसद परिसर में उतरने के बाद उसे वापस घर भेज दिया था। चौधरी ने तंज कसते हुए आगे कहा, काटने वाले लोग तो संसद के अंदर बैठे हैं और सरकार चला रहे हैं। उनसे किसी को कोई समस्या नहीं है। अगर मैंने एक जानवर की देखभाल कर ली, तो यह बहस का विषय बन गया है।