अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 240 से अधिक हो गई है, जिसमें 241 विमान सवार और बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल बिल्डिंग में मौजूद लोग भी शामिल हैं।
विमान के पायलट सुमित सभरवाल का एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) को भेजा गया आखिरी संदेश सामने आया है, जो दिल दहला देने वाला है। मात्र 4-5 सेकेंड के इस संदेश में सुमित ने कहा, "
मेडे, मेडे, मेडे... थ्रस्ट नहीं मिल रहा। पावर कम हो रही है, प्लेन उठ नहीं रहा। नहीं बचेंगे।"
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद प्लेन क्रैश: 39 मृतकों की पहचान, शव सौंपे जाएंगे!
हादसा उस वक्त हुआ जब विमान बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल बिल्डिंग पर जा गिरा। उस समय बिल्डिंग में 60 से अधिक डॉक्टर, मेडिकल स्टूडेंट्स और अन्य लोग मौजूद थे, जिनमें से 34 की मौत हो गई। फ्लाइट में 12 क्रू मेंबर समेत कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से केवल एक यात्री जीवित बचा है।
सिविल अस्पताल में अब तक 270 से अधिक शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है। 220 लोगों के DNA सैंपल लिए गए हैं, और 7 शवों की शिनाख्त हो चुकी है। मृतकों के परिजनों और रिश्तेदारों को लंदन से लाने वाली फ्लाइट आज शाम 4 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। उनके DNA सैंपल भी लिए जाएंगे ताकि शवों की पहचान प्रक्रिया को तेज किया जा सके।