अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के बाद अब तक
39 मृतकों की पहचान कर ली गई है। जिला कलेक्टर ने इसकी आधिकारिक घोषणा की और संबंधित अधिकारियों को मृतदेहों को उनके परिजनों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी। इस हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है, और पहचान प्रक्रिया के साथ ही प्रशासन राहत कार्यों में भी जुटा हुआ है।
वहीं, पहचाने गए मृतकों में सैयद नफीसाबानु, सैयद इनायत अली, सैयद वकीद अली, पूजा हर्षित पटेल, पटेल रमेशभाई देवराजभाई, और रेखाबेन पटेल शामिल हैं। इनके शवों की शिनाख्त DNA सैंपलिंग और अन्य प्रक्रियाओं के माध्यम से की गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि शवों को पूरी गरिमा के साथ उनके गृह निवास तक पहुंचाया जाए, ताकि परिजन अंतिम संस्कार कर सकें।

जिला प्रशासन ने शवों को परिजनों तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत प्रत्येक मृतक के शव को उनके निवास स्थान तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से ले जाया जाएगा। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह हादसा अहमदाबाद में बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल बिल्डिंग पर विमान के गिरने से हुआ था। विमान में सवार 242 लोगों में से केवल एक यात्री जीवित बचा, जबकि 241 की मौत हो गई। इसके अलावा, हॉस्टल बिल्डिंग में मौजूद 34 लोगों की भी जान चली गई, जिससे मृतकों की कुल संख्या 240 से अधिक हो गई।

साथ ही बता दें की हादसे की जांच में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की आठ एजेंसियां शामिल हैं, जो इस त्रासदी के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।
मृतकों के परिजनों और रिश्तेदारों को लंदन से लाने वाली फ्लाइट आज शाम 4 बजे अहमदाबाद पहुंचने वाली है। प्रशासन ने उनके लिए DNA सैंपलिंग और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने की व्यवस्था की है। सिविल अस्पताल में अब तक 240 से अधिक शवों का पोस्टमॉर्टम हो चुका है, और 220 लोगों के DNA सैंपल लिए जा चुके हैं।