भारत ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप जीता
दीप्ति शर्मा और शफाली वर्मा की चमक से दक्षिण अफ्रीका पर ऐतिहासिक जीत

भारत की पहली महिला वर्ल्ड कप जीत

भारत की पहली महिला वर्ल्ड कप जीत
नवी मुंबई के डॉ. डी. वाय. पाटिल स्टेडियम में रविवार की रात भारतीय महिला क्रिकेट के लिए स्वर्णिम पल साबित हुई। दक्षिण अफ्रीका पर 52 रन की रोमांचक जीत के साथ भारत ने पहली बार ICC महिला क्रिकेट विश्व कप जीता और अपने क्रिकेट इतिहास में ऐतिहासिक अध्याय जोड़ा।

भारत की जीत में दीप्ति शर्मा और शफाली वर्मा का हरफनमौला प्रदर्शन निर्णायक रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 298/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया—जो महिला विश्व कप फाइनल के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। शफाली ने 87 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि मिडिल ऑर्डर में दीप्ति के 58 रनों ने टीम को स्थिरता दी।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वूलवार्ट ने 101 रन की बेहतरीन पारी खेलकर चुनौती पेश की, लेकिन दीप्ति शर्मा की करिश्माई गेंदबाज़ी के आगे पारी ढह गई। दीप्ति ने 5/39 के आंकड़े के साथ एक ही ओवर में वूलवार्ट और क्लोए ट्रायन को आउट कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। 209/5 पर खड़ी दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 पर सिमट गई।

शफाली वर्मा और स्री चरणी की अहम विकेटों के साथ फुर्तीली फील्डिंग ने भारत की पकड़ मजबूत बनाए रखी। अमनजोत कौर की डायरेक्ट हिट रनआउट और कप्तान हरमनप्रीत कौर की रणनीतिक कप्तानी ने जीत की बुनियाद रखी।
ट्रॉफी उठाते समय स्टेडियम देशभक्ति और जयघोष से गूंज उठा—भारतीय महिला क्रिकेट ने आखिरकार विश्व मंच पर अपना सपना साकार कर लिया।