बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है, और इस बार केंद्र में है लालू प्रसाद यादव का परिवार। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने हाल ही में तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निलंबित कर दिया, जिसने न केवल राजनीतिक गलियारों में हंगामा मचाया, बल्कि लालू परिवार के आंतरिक कलह को भी उजागर कर दिया। इस निलंबन के साथ-साथ तेज प्रताप को परिवार से भी अलग-थलग कर दिया गया, जिसे लालू ने "पारिवारिक कलह" का नाम दिया।
इस पूरे विवाद का केंद्र बिंदु है तेज प्रताप का अनुष्का नाम की एक युवती के साथ रिश्ता और उसकी वायरल तस्वीरें, जिन्होंने सोशल मीडिया से लेकर सियासी मंच तक तूफान खड़ा कर दिया।

वैसे ये मामला तब गरमाया जब तेज प्रताप के फेसबुक अकाउंट पर अनुष्का के साथ उनकी तस्वीरें वायरल हुईं। इन तस्वीरों ने न केवल लालू परिवार के भीतर तनाव पैदा किया, बल्कि RJD के अंदर भी सियासी उथल-पुथल मचा दी। शुरुआत में तेज प्रताप ने सफाई दी थी कि
उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था, लेकिन बाद में एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में उन्होंने स्वीकार किया कि तस्वीरें उन्होंने ही अपलोड की थीं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी खुलासा किया कि
वह और अनुष्का पिछले 12 साल से रिलेशनशिप में हैं।

वहीं पार्टी से निलंबन के बाद तेज प्रताप ने अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "
मैं संगठन से दिल से जुड़ा था। अचानक लिया गया यह फैसला किसी को भी भावुक कर सकता है।" उन्होंने रामायण का जिक्र करते हुए अपनी स्थिति की तुलना भगवान राम से की और कहा, "
राम जी बड़े बेटे थे, उन्हें भी 14 साल का वनवास मिला था। हम भी अपने घर के बड़े बेटे हैं, और जनता ही हमारा न्याय करेगी।" इस बयान में तेज प्रताप का दर्द और उनकी महत्वाकांक्षा साफ झलक रही है।
साथ ही तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई और RJD के प्रमुख चेहरा तेजस्वी यादव के साथ किसी भी तरह के मनमुटाव से इनकार किया। उन्होंने कहा, "
तेजस्वी मेरा छोटा भाई है। हम कुर्सी के लिए इतने लालची नहीं कि भाई से लड़ाई करें।" इस बयान से उन्होंने साफ किया कि उनका निशाना परिवार या पार्टी के किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि "
जनता को सब पता है, और समय आने पर जनता ही फैसला करेगी कि जिम्मेदार कौन है।"
यह भी पढ़ें: RJD ने तेजप्रताप को 6 साल के लिए किया निष्कासित, कार्यालय आदेश जारी!
दरअसल, तेज प्रताप का यह प्रकरण केवल एक पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि बिहार की सियासत में एक बड़ा मुद्दा बन चुका है। RJD, जो पहले से ही विपक्षी गठबंधन में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में है, उसके लिए यह विवाद एक झटके की तरह है। तेज प्रताप की छवि हमेशा से ही विवादास्पद रही है, लेकिन इस बार मामला उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा होने के कारण और भी संवेदनशील हो गया है।
लालू परिवार की एकता हमेशा से उनकी सियासी ताकत का आधार रही है, लेकिन इस घटना ने उस एकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज प्रताप के निलंबन को कुछ लोग पार्टी के भीतर अनुशासन का कदम मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे लालू परिवार की सियासी रणनीति का हिस्सा बता रहे हैं, ताकि तेजस्वी की छवि को और मजबूत किया जा सके।
यह भी पढ़ें: RJD से निकाले जाने के 6 दिन बाद तेजप्रताप का मैसेज, बोले- मां-पापा का आदेश..
अब देखना ये होगा की- आगे क्या?
तेज प्रताप ने साफ कर दिया है कि वह इस निलंबन के बाद भी अपने काम पर फोकस करेंगे। लेकिन सवाल यह है कि क्या वह पार्टी और परिवार के इस फैसले को स्वीकार कर चुप रहेंगे, या फिर अपनी सियासी जमीन तैयार करने के लिए कोई नया कदम उठाएंगे? बिहार की सियासत में यह घटना आने वाले दिनों में और भी रंग ला सकती है, खासकर तब जब बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं।