Netflix की 'अक्यूज्ड' ट्रेलर रिलीज
कोंकणा सेन शर्मा डॉक्टर बनीं आरोपी; सस्पेंस से भरी थ्रिलर 27 फरवरी को स्ट्रीम

कोंकणा पर यौन शोषण के आरोप

कोंकणा पर यौन शोषण के आरोप
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा और 'लापता लेडीज' फेम प्रतिभा रांटा की नई फिल्म 'अक्यूज्ड' का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो गया है। नेटफ्लिक्स इंडिया ने शनिवार को इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर का ट्रेलर जारी किया, जो दर्शकों को तुरंत अपनी ओर खींच रहा है। फिल्म 27 फरवरी 2026 को एक्सक्लूसिवली नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। ट्रेलर में दिखाई गई कहानी, परफॉर्मेंस और टेंशन ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है।
'अक्यूज्ड' एक लेयर्ड साइकोलॉजिकल ड्रामा थ्रिलर है, जिसका निर्देशन अनुभूति कश्यप ने किया है। अनुभूति इससे पहले 'डॉक्टर जी' (आयुष्मान खुराना और रकुल प्रीत सिंह स्टारर) का निर्देशन कर चुकी हैं। फिल्म का निर्माण करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और उसकी डिजिटल आर्म धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने किया है। प्रोड्यूसर्स में करण जौहर, आदर पूनावाला और सोमेन मिश्रा शामिल हैं। कहानी सीमा अग्रवाल और यश केसवानी ने लिखी है।
ट्रेलर में कोंकणा सेन शर्मा डॉ. गीतिका सेन की भूमिका में हैं, जो लंदन में एक प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) हैं। उनकी जिंदगी तब उलट-पुलट हो जाती है, जब उनके वर्कप्लेस पर यौन दुर्व्यवहार (सेक्शुअल मिसकंडक्ट) के गंभीर आरोप लगते हैं। एक अनाम मैसेज से शुरू होती यह घटना उनकी प्रतिष्ठा, करियर और निजी जिंदगी को तबाह करने लगती है। गीतिका की पार्टनर मीरा (प्रतिभा रांटा) एक बच्चे को गोद लेना चाहती है, लेकिन इन आरोपों से उनका रिश्ता दरारों से भर जाता है। मीरा सच का पता लगाने की कोशिश करती है, जबकि गीतिका अपनी निर्दोषता साबित करने में जूझती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे पावर, परसेप्शन और पब्लिक जजमेंट एक रिलेशनशिप को कैसे तोड़ सकते हैं। कहानी में सवाल उठता है - सच क्या है? कौन असली आरोपी है? और आरोपों के पीछे की सच्चाई क्या है?
ट्रेलर की खासियत यह है कि यह शांत लेकिन टेंशन से भरा हुआ है। कोई बड़ा ड्रामा नहीं, बल्कि चुप्पी, नजरें और भावनाओं की उथल-पुथल दिखाई गई है। कोंकणा की परफॉर्मेंस में गहराई और प्रतिभा की मजबूत मौजूदगी ने दर्शकों को इम्प्रेस किया है। फिल्म में मशहूर अमरोही भी मुख्य भूमिका में हैं। यह एक समलैंगिक कपल की कहानी है, जो प्रोग्रेसिव और अलग सोच वाली है। ट्रेलर में आरोपों से टूटते रिश्ते, डाउट और ट्रस्ट की कमी को बहुत प्रभावी तरीके से दिखाया गया है।
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं आईं। कई यूजर्स ने इसे 'फायर' और 'इंटरेस्टिंग' बताया। एक यूजर ने लिखा, "कोंकणा और प्रतिभा का जोड़ीदार कमाल का है, ट्रेलर देखकर इंतजार नहीं हो रहा।" दूसरे ने कहा, "ऐसी प्रोग्रेसिव स्टोरी देखकर अच्छा लगा, अलग है ये फिल्म।" कुछ ने कोंकणा की एक्टिंग की तारीफ की और कहा कि उनकी रोल चॉइस हमेशा बोल्ड होती है। फैंस इसे 'मस्ट वॉच' बता रहे हैं और रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कोंकणा सेन शर्मा को लीग से हटकर और गहन भूमिकाओं के लिए जाना जाता है, जबकि प्रतिभा रांटा ने 'लापता लेडीज' से दमदार एंट्री की थी और अब इस फिल्म से अपनी रेंज दिखा रही हैं। 'अक्यूज्ड' पावर, परसेप्शन, पब्लिक जजमेंट और रिलेशनशिप की जटिलताओं पर आधारित है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी।
फिल्म 27 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। ट्रेलर देखकर लगता है कि यह एक ऐसी थ्रिलर है जो अंत तक सस्पेंस बनाए रखेगी। अगर आप साइकोलॉजिकल ड्रामा और गहरी कहानियां पसंद करते हैं, तो यह आपके लिए परफेक्ट है।