महाराष्ट्र चुनाव 2025: 'कैश फॉर वोट' का हंगामा
कई जिलों में मतदाताओं को पैसे बांटने के आरोप लगे और कई मतदान केंद्रों के पास नकद जब्त की

स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव

स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव
महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव के लिए हो रहे मतदान के बीच कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर नकदी पकड़ी गई है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। राज्य की 246 नगर पालिका और 42 नगर पंचायतों के लिए चल रहे मतदान में अनियमितताओं की खबरें सामने आई हैं। कई जगहों पर बीजेपी के उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों पर पैसे बांटने का आरोप लगा है, जिससे विपक्षी दलों और बीजेपी समर्थकों के बीच कई स्थानों पर वाद-विवाद और झड़पें भी हुई हैं
राजुरा, माथेरान और अकोला में नकदी का खेल
चंद्रपुर जिले की राजुरा नगर पालिका के प्रभाग 4 से बीजेपी नगर सेवक पद के उम्मीदवार अमोल चिल्लावार के पिता और बीजेपी नेता पांडुरंग चिल्लावार पर मतदान के दौरान मतदाताओं को 500 के नोट बांटने का आरोप लगा है। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसके बाद कांग्रेस नेता सूरज ठाकरे ने इसकी शिकायत चुनाव विभाग में की है।
ये भी पढें: महाराष्ट्र में कांग्रेस अकेले लड़ेगी चुनाव
पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा
आरोप है कि यह नकदी चिल्लावार परिवार के घर के पीछे स्थित आटा चक्की के शेड से बांटी जा रही थी। वहीं, रायगढ़ जिले के माथेरान नगर पालिका क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया के दौरान 5 लाख की नकदी जब्त की गई, हालांकि पकड़ा गया युवक इसे होटल का पैसा बता रहा है, लेकिन पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है। अकोला जिले के अकोट में भी पैसे बांटने के संदेह पर BJP और अन्य उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा; यहां से भी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
बुलढाणा और बीड में विवाद
बुलढाणा जिले के खामगांव शहर के प्रभाग 7, महेबूब नगर में मतदाताओं को पैसे बांटते समय 50,000 की नकदी जब्त की गई, हालांकि पैसे बांटने वाले तीन लोग फरार हो गए। इस नकदी के साथ BJP उम्मीदवार लक्ष्मण आयलाणी की डमी मतपत्रिका भी मिली है। इसके अलावा, बीड जिले के माजलगांव शहर में भी मतदान केंद्र के पास पैसे बांटने के आरोप के बाद दो गुटों में बड़ा विवाद और मारपीट हुई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया।
BJP के लोग पैसे बांटने का आरोप
शिंदे गुट शिवसेना की नगराध्यक्ष पद की उम्मीदवार चंचल पितांबरवाले ने यहां तक आरोप लगाया है कि प्रशासन के आशीर्वाद से BJP के लोग पैसे बांट रहे हैं। इन सभी घटनाओं से महाराष्ट्र निकाय चुनाव की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा है और पुलिस तथा चुनाव विभाग इन मामलों की जांच में जुटे हुए हैं।